फॉर्म 16 से लेकर सैलरी स्लिप तक ITR फाइल करने से पहले तैयार कर लें ये डॉक्युमेंट्स | Studyem Jobs


आईटीआर फाइल करने की तारीख नजदीक आ रही है। आईटीआर फाइल करते समय आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है। आपकी एक छोटी सी गलती पर आपको इनकम टैक्स का नोटिस मिल सकता है। आइए जानते हैं कि आईटीआर फाइल करते समय आपको कौन से दस्तावेज तैयार रखने चाहिए?

आईटीआर फाइल करते समय आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है। जब भी आप आईटीआर फाइल करने जा रहे हैं तो उससे पहले आपको कई तरह के दस्तावेज तैयार रखने होते हैं। इन दस्तावेजों को जमा करने की जरूरत नहीं है, लेकिन दाखिल करते समय आपको उनकी जानकारी दर्ज करनी होगी। आइए जानते हैं कि आईटीआर फाइल करने से पहले आपको कौन से दस्तावेज तैयार रखने होंगे?

पेन कार्ड

आपको अपना पैन कार्ड अपने पास रखना होगा। आपको बता दें कि अगर आपने अभी तक अपने पैन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक नहीं कराया है तो इसे जल्द से जल्द करवा लें, नहीं तो आपका पैन कार्ड डी-एक्टिवेट हो जाएगा। पैन कार्ड के साथ, आपको अपना मूल विवरण जैसे नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि और पैन नंबर दर्ज करना होगा। टैक्स रिटर्न फाइल करते समय यह सारी जानकारी देना जरूरी है। अगर आप इनमें से किसी भी जानकारी को गलत तरीके से दर्ज करते हैं तो आपको आगे दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

आधार कार्ड

आधार संख्या भारत सरकार द्वारा जारी किया गया एक आवश्यक दस्तावेज है। आधार संख्या को विशिष्ट पहचान संख्या के रूप में भी जाना जाता है। यह संख्या 12 अंकों की होती है। इसमें आपके घर का पता, जन्मतिथि, नाम जैसी जानकारियां होती हैं। आईटीआर फाइल करते समय आपको यह नंबर दर्ज करना होगा।

फॉर्म 16

इनकम टैक्स रिटर्न फॉर्म भरते वक्त आपको फॉर्म 16 की जरूरत होती है। इस फॉर्म को टीडीएस भी कहा जाता है। यह फॉर्म भी कर्मचारी की कंपनी यानी एंप्लॉयर की ओर से दिया जाता है। इसमें कर्मचारी की सैलरी और उसकी कटौतियों जैसी कई जानकारियां शामिल होती हैं। आईटीआर रिटर्न फाइल करते समय आपको यह फॉर्म भरना होता है। आपको आईटीआर के समय फॉर्म-16 में शामिल नंबर दर्ज करना होगा।

फॉर्म 26AS

टैक्स स्टेटमेंट हर साल ऑटो-जनरेट होता है। इसमें हर वित्तीय वर्ष में टैक्स कटौती जैसे विवरण शामिल होते हैं। इस फॉर्म को आप इनकम टैक्स फाइलिंग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।

Pay slip

आपको अपनी नौकरी की सैलरी स्लिप हमेशा संभाल कर रखनी चाहिए। इसमें आपकी सैलरी, टीडीएस कटौती, महंगाई भत्ता, किराया भत्ता, यात्रा भत्ता आदि की जानकारी होती है। ये सभी जानकारियां आपको आईटीआर भरते वक्त देनी होती हैं।

ब्याज आय प्रमाण पत्र

अगर आप भी सेविंग्स बैंक अकाउंट, पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट या रेकरिंग डिपॉजिट का इस्तेमाल करते हैं तो आपको आईटीआर देते समय इस पर मिलने वाले ब्याज की जानकारी देनी होगी। इसके लिए आप बैंक या पोस्ट ऑफिस से इंटरेस्ट सर्टिफिकेट ले सकते हैं। इसमें आपकी ब्याज आय की पूरी जानकारी शामिल होगी। अगर आप भी शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो उसकी भी जानकारी आपको देनी होगी।

ऋण दस्तावेज

अगर आपने किसी तरह का लोन लिया है तो उससे जुड़े दस्तावेज आपको अपने पास रखने होंगे। आईटीआर फाइल करते समय आपको लोन की डिटेल देनी होती है।